पुलिस अधीक्षक ने की राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ गूगल मीट के माध्यम से मीटिंग
23 अगस्त 2026·सूर्य प्रकाश पाण्डेय·3 मिनट में पढ़ें
विज्ञापन
संतकबीरनगर। जनपद के थानों में लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी एवं आगामी रक्षाबंधन, श्रावण सोमवार व बारावफात त्यौहारों के दृष्टिगत दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना द्वारा जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं अन्य अधिकारी/कर्मचारीगण के साथ गूगल मीट के माध्यम से ऑनलाइन गोष्ठी आयोजित की गई। मीटिंग के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा जनपद में कानून-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण की स्थिति की समीक्षा करते हुए विशेष रूप से पुरानी एवं लम्बित विवेचनाओं, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी, निरोधात्मक कार्रवाई, रात्रि गश्त तथा आगामी रक्षाबंधन, श्रावण सोमवार एवं बारावफात त्यौहारों के दृष्टिगत पुलिस व्यवस्था एवं तैयारियों की समीक्षा की गई और लम्बित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिया गया।
पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी थाना प्रभारियों एवं विवेचकों को निर्देशित किया गया कि थानों पर लम्बित एवं पुरानी विवेचनाओं की नियमित समीक्षा करते हुए गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध विवेचना सुनिश्चित की जाए। अनावश्यक रूप से विवेचनाओं को लम्बित न रखा जाए तथा प्रत्येक प्रकरण में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी पर जोर दिया जाए।
पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि वांछित, पुरस्कार घोषित एवं न्यायालय से सम्बन्धित अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु प्रभावी कार्ययोजना बनाकर अभियान चलाया जाए। अपराधियों के विरुद्ध कठोर एवं विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए जनपद में अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जाए। रक्षाबंधन त्यौहार के दृष्टिगत विशेष सतर्कता के निर्देश भी दिया गया।
आगामी रक्षाबंधन त्यौहार के दृष्टिगत पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा सभी क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। बाजारों, प्रमुख चौराहों, बस स्टैण्ड, रेलवे स्टेशन एवं अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती एवं प्रभावी पैदल गश्त सुनिश्चित करने को कहा गया।
त्यौहार के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता देते हुए महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाने, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की नियमानुसार चेकिंग तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
रक्षाबंधन के अवसर पर बढ़ने वाले आवागमन के दृष्टिगत प्रमुख मार्गों एवं बाजारों में यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने, जाम की स्थिति उत्पन्न न होने देने तथा आवश्यकतानुसार यातायात डाय वर्जन एवं पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
आगामी श्रावण सोमवार एवं बारावफात त्यौहार के दृष्टिगत पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा सभी क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पैदल गश्त, संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, धार्मिक स्थलों एवं जुलूस मार्गों की निगरानी तथा शांति एवं सौहार्द बनाए रखने हेतु आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
साथ ही धर्मगुरुओं, संभ्रांत व्यक्तियों एवं आयोजकों से संवाद स्थापित कर त्यौहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह अथवा असामाजिक गतिविधि पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक द्वारा निर्देशित किया गया कि अपराध की रोकथाम हेतु निरोधात्मक कार्रवाई को और अधिक प्रभावी बनाया जाए। असामाजिक एवं अराजक तत्वों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए तथा किसी भी प्रकार की कानून-व्यवस्था संबंधी समस्या उत्पन्न होने से पूर्व आवश्यक निरोधात्मक कदम उठाए जाएं।
रात्रि गश्त की समीक्षा करते हुए पुलिस अधीक्षक महोदय ने सभी अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि रात्रि में प्रभावी एवं नियमित पुलिस गश्त सुनिश्चित की जाए। प्रमुख बाजारों, चौराहों, संवेदनशील स्थानों, बैंक/एटीएम, धार्मिक स्थलों एवं अन्य महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों के आसपास विशेष सतर्कता बरती जाए। रात्रि गश्त के दौरान पुलिसकर्मी अपने क्षेत्र में सक्रिय रूप से भ्रमण करें तथा संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की नियमानुसार चेकिंग की जाए, जिससे चोरी, लूट, नकबजनी एवं अन्य आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जनता की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी अपने-अपने दायित्वों का पूर्ण निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करते हुए किसी भी सूचना पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।